चंदौसी। शनिवार सुबह 11.30 बजे करीब खुर्जा गेट बाजार की सब्जी मंडी के पास लगे 630 केवी ट्रांसफार्मर के तारों में स्पार्किंग होने से कूड़े के ढेर ने आग पकड़ ली। थोड़ी ही देर में आग इतनी बढ़ गई कि उसने ट्रांसफार्मर को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रांसफार्मर फुंकने से करीब दस मोहल्लों की विद्युत सप्लाई ठप हो गई।
खुर्जा गेट बाजार की सब्जी मंडी में 630 केवी और 250 केवी का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। जिससे वार्ड 17 के बड़ा महादेव, हाथी खाना, रुस्तगी मोहल्ला, जवाहर रोड, खातियान, तेलियान आदि मोहल्लों के अलावा मोहल्ला गोपाल, शेखियान और आचारजान आदि जगह विद्युत आपूर्ति होती है। शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे 630 केवी ट्रांसफार्मर के ताराें में स्पार्किंग होने से वहां लगे कूड़े के ढेर ने आग पकड़ लगी। देखते ही देखते आग इतनी बढ़ गई कि उसने 630 केवी ट्रांसफार्मर को भी अपनी चपेट में ले लिया और ट्रांसफार्मर से ऊंची - ऊंची आग की लपटे निकलने लगीं। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पाकर पुलिस व दमकल विभाग की टीम भी मौके पर आ गई और दमकलकर्मी पानी की बौछार व रेता फेंककर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर से तेल रिसता था, जिस वजह से उसमें आग लग गई। लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों को तेल रिसने की शिकायत भी की थी। लेकिन उन्होंने कई बार शिकायत को अनसुना कर दिया।
हनुमानगढ़ी बिजली उपकेंद्र के जेई वरुण कुमार ने बताया कि खुर्जा गेट बाजार में लगे 630 केवी के ट्रांसफार्मर के तारों से निकली चिंगारी से कूड़े के ढेर में आग लग गई थी। जिसकी चपेट में वहां लगा 630 केवी का ट्रांसफार्मर भी आ गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से वार्ड 17 के अलावा कुछ मोहल्लों में विद्युत सप्लाई ठप हो गई है। शनिवार रात आठ बजे तक सप्लाई चालू हो जाएगी।