चंदौसी(संभल)। रेलवे ने चंदौसी रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली व लखनऊ जाने वाले यात्रियों को स्पेशल ट्रेन की सौगात दी है। यह स्पेशल ट्रेन 25 मई से 14 जुलाई तक नई दिल्ली व लखनऊ के बीच चलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन में स्लीपर कोच के अलावा जनरल बोगियों की संख्या भी ज्यादा है। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी।
कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार ने बताया कि रेलवे ने नई दिल्ली और लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया है। यह 04050 स्पेशल ट्रेन 25 की रात 9:35 बजे से नई दिल्ली से रवाना होगी, जो आनंद विहार, गाजियाबाद से मुरादाबाद होते हुए चंदौसी जंक्शन देर रात करीब 2:10 पर पहुंचेगी। यहां से रवाना होकर यह ट्रेन बरेली, पीलीभीत, सीतापुर व लखीमपुर के रास्ते लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर पहुंचेगी। ऐशबाग स्टेशन से 26 मई की शाम करीब 6:45 बजे रवाना होकर स्पेशल ट्रेन अगले दिन सुबह 6:30 बजे चंदौसी रेलवे स्टेशन आएगी।
कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली से लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन के बीच 25 मई से लेकर 13 जुलाई तक और ऐशबाग से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक 26 मई से 14 जुलाई तक 15 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन चंदौसी से लखनऊ सप्ताह में शनिवार और सोमवार को जाएगी। वहीं चंदौसी रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली रविवार और मंगलवार को जाएगी। जानकारी मिली है इस ट्रेन में एसी कोच के अलावा दस जनरल बोगी और सात स्लीपर कोच भी शामिल है।