गुन्नौर/बबराला। कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर चेकिंग करते समय कोतवाली पुलिस की गाड़ी में अनियंत्रित बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उठाया और उपचार के लिए गुन्नौर के सीएचसी ले गए। जहां हालत गंभीर होने के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसा तब हुआ जब सोमवार की रात साढ़े आठ बजे के करीब गुन्नौर कोतवाल एनके सिंह पुलिस बल के साथ आगरा- मुरादाबाद हाईवे के नरौरा रोड स्थित रसूलपुर के नजदीक वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नरौरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिस की गाड़ी में जा घुसी। जिसमें गुन्नौर निवासी बाइक सवार फुरकान घायल हो गए। इसमें पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कोतवाल एनके सिंह ने बताया कि हादसे में पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई है। युवक नशे की हालत में था। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।