संभल। लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी से बुधवार की रात हुई रिमझिम बारिश के बाद राहत मिली लेकिन तेज हवाओं से शहर के साथ देहात की बिजली गुल हो गई। जगह-जगह पेड़ टूट जाने से हाईटेंशन लाइन प्रभावित हो गई हैं। कई स्थानों पर मुख्य मार्ग भी पेड़ गिरने के चलते जाम की समस्या से जूझे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटवाए।
बुधवार की शाम से ही बादल छाए हुए थे। रात करीब 9 बजे रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इसके बाद ही चली तेज हवाओं से शहर की बिजली गुल गई। देर रात तक बिजली विभाग ने मरम्मत का काम कर आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया। एसई विनोद कुमार ने बताया कि जहां पेड़ गिरने से हाईटेंशन लाइन प्रभावित हुई है वहां सुधार कराया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में भी आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास जारी है।