बिसौली (बदायूं) के भटपुरा गांव के पास दुर्घटना के बाद जलता ट्रक और इनोवा कार।
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बिसौली कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के गांव भटपुरा के पास बारातियों की इनोवा कार और शराब से भरे ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसके बाद ट्रक और कार में आग लग गई। हादसे में इनोवा के चालक तुलसी की मौके पर ही जलने से मौत हो गई, जबकि चार बाराती झुलस गए। इस कारण हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
चंदौसी के मोहल्ला बिसौली गेट निवासी रामवीर के तहेरे भाई सोनू की बारात रविवार को बिनावर थाने के मलगांव आई थी। सोमवार तड़के इनोवा से रामवीर (40), पंकज (35), नीरज (22) और शिवम (18) चंदौसी लौट रहे थे। इनोवा चंदौसी का ही तुलसी (25) चला रहा था।
तड़के करीब चार बजे इनोवा एम-एफ हाईवे पर बिसौली कोतवाली के गांव भटपुरा के पास पहुंची तभी दूसरी ओर से आ रहे शराब भरे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। इससे ट्रक में आग लग गई। ट्रक रामपुर स्थित शराब डिस्टिलरी से एटा जा रहा था। देखते ही देखते आग ने इनोवा को भी चपेट में ले लिया।
आग लगने पर इनोवा सवार लोगों को रामवीर ने किसी तरह से बाहर निकाला। कार चालक तुलसी स्टेयरिंग में फंसे होने से नहीं निकाला जा सका। जिससे उसकी जलकर मौत हो गई।सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झुलसे लोगों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग गया। बाद में दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया गया। घायलों में दो की हालत गंभीर है। तुलसी के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने उसके परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया है।