चंदौसी (संभल)। भीषण गर्मी में मोहल्ला डहरिया में तीन दिन से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रह हैं। बुधवार को गुस्साए लोगों ने हाथों में बाल्टी और खाली बर्तन लेकर नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके अलावा कई अन्य मोहल्लों में लो-प्रेसर की वजह से पेयजल का संकट है। लोगों का आरोप है कि समस्या की शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो सकी है।
अमृत जल योजना के तहत शहर की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 56 करोड़ की लागत से पांच ओवरहेड टैंक व 170 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई गई थी। ताकि लोगों को भरपूर मात्रा में पानी की सप्लाई हो सके। लेकिन इतनी बड़ी धनराशि खर्च होने के बाद भी लोगों को भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नगर के मोहल्ला डहरिया में बीते तीन दिन से पानी की सप्लाई बंद पड़ी है। बुधवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने हाथों में बाल्टी और बर्तन लेकर नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि पानी सप्लाई न होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले में एक ही सरकारी हैंडपंप है, जिस पर सुबह से ही स्थानीय लोग लाइन में लगकर बाल्टियों से पानी भर रहे हैं। तो वार्ड 22 के मोहल्ला कायस्तान, धोबियान, गोपाल और शेखियान में लो प्रेशर की समस्या बनी हुई है। इस वार्ड के सभासद अनुराग अग्रवाल ने बताया कि लो प्रेशर के चलते घरों में बूंद- बूंद कर पानी आ रहा है। ऐसे में लोगों को सरकारी हैंडपंप या पड़ोसियों के सबमर्सिबल का सहारा लेना पड़ रहा है।
धूप में पानी के लिए सरकारी हैंडपंप पर लग रही महिलाओं की भीड़
घरेलू कार्यों के लिए महिलाओं को चिलचिलाती धूप में हैंडपंपों से पानी भरने को मजबूर होना पड़ रहा है।मोहल्ला डहरिया में सरकारी हैंडपंप पर महिलाओं की भीड़ देखी जा सकती है। उधर वार्ड नौ के मोहल्ला ब्रह्म बाजार, कैथल गेट, किडजी कॉलोनी और बूढ़ी माता में भी लो प्रेशर के चलते लोगों को पानी की सप्लाई नहीं मिल पा रही।
वर्जन:
रात के समय लो वोल्टेज के कारण ओवरहेड टैंक पूरी तरह से भर नहीं पा रहा है। जिससे प्रेशर भी नहीं बन रहा है। जिस कारण लो प्रेशर आदि की समस्या आई है। फिलहाल रामबाग रोड पर खाटू श्याम बाबा के मंदिर के पास नया बोरिंग भी कराया जा रहा है। एक दो दिन में बोरिंग का कार्य पूरा हो जाएगा। किसी भी हालत में पानी के लिए लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
धर्मराज राम, ईओ चंदौसी