जुनावई। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत लहरा नगला श्याम के मजरा बसीटा का मुख्य मार्ग नीचा होने के कारण लंबे समय से जलभराव की विकराल समस्या बनी हुई है। रोड पर भरे कीचड़युक्त पानी से परेशान ग्रामीणों ने समस्या से निजात की मांग की है।
लगभग डेढ़ हजार की वोटर संख्या वाले मजरा बसीटा में घरों के सामने मुख्य मार्ग पर सीसी का निर्माण नीचा कराने के कारण जलभराव हो गया है। रास्ते को ऊंचा कर बनाए जाने की ग्रामीणों द्वारा की गई गई मांग पर किसी ने भी अभी तक ध्यान नहीं दिया है। जनप्रतिनिधियों ने भी इस गंभीर समस्या को नजरंदाज कर दिया है। इस संबंध में गांव के साहूकार सिंह ने बताया कि जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए लिंक मार्ग के दोनों तरफ नालों का निर्माण न किए जाने के कारण समस्या और अधिक बढ़ गई है। पानी की निकासी का साधन न होने के कारण गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण हरिओम ने बताया जलभराव के कारण गांव से जाने और बाहर से आने वालों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रेमपाल सिंह ने बताया जल भराव के रास्ते से निकलने पर कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। वीरेश कुमार ने बताया सीसी रोड नीचा होने के कारण जलभराव की समस्या पैदा हुई है। रास्ते को ठीक कराने के लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं ग्राम प्रधान से कहा गया गया, लेकिन अभी तक इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। ग्राम प्रधान अशोक कुमार उर्फ वीरपाल सिंह ने बताया कि सड़क के दोनों ओर ग्राम सभा की जमीन न होने के कारण नाला निर्माण नहीं कराया जा सकता है। राजस्व विभाग के द्वारा भूमि को चिह्नित करने के बाद ग्राम पंचायत स्तर से नाला निर्माण कराकर जनता की समस्या को दूर किया जाएगा।