संभल। जिले के जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) चेतेंद्र पाल सिंह पर वसूली का आरोप लगाते हुए कुछ चार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए हैं। इसमें एक वीडियो में चेतेंद्र पाल सिंह बैठे हुए भी दिखे हैं और नजदीक में बैठे व्यक्ति द्वारा रुपये उठाए जा रहे हैं। यह रुपये उठाने वाला व्यक्ति कार्यालय का बाबू बताया जा रहा है। जब इस बारे में डीपीआरओ से जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि वीडियो जो वायरल किए गए हैं वह एआई से बनाया गया हैं। इससे उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर डीएम का कहना है कि वीडियो जानकारी में आए हैं। इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई करेंगे।
दरअसल मंगलवार को चार वीडियो के साथ एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। वीडियो में पांच-पांच सौ रुपये के नोट एक व्यक्ति उठाता दिखता है और इसमें डीपीआरओ कुर्सी पर बैठे हुए दिख रहे हैं। इसके अलावा अलग-अलग तीन वीडियो और वायरल हैं जिसमें रुपये लेनदेन को लेकर तस्वीरें ज्यादा साफ नहीं है लेकिन आवाज आ रही है। जो पत्र वायरल हुआ है उसमें लिखा है कि डीपीआरओ ने मुरादाबाद के आवास विकास में डेढ़ करोड़ रुपये की आवासी संपत्ति ली है। इसके अलावा लग्जरी कार ली है। जबकि उनकी आय इतनी नहीं है। इसके अलावा लिखा है कि डीपीआरओ का कहते हैं कि जब वह एडीपीआरओ के पद पर थे तो 15 हजार रुपये नहीं लेते थे, अब डीपीआरओ हैं तो 50 हजार रुपये से कम नहीं लिए जाएंगे। इन सभी आरोप की अब जांच होनी है। इसके बाद ही अगली हकीकत सामने आएगी।
तत्कालीन डीपीआरओ पर भी लगा था भ्रष्टाचार का आरोप, निलंबित हुए थे
चेतेंद्र पाल सिंह से पहले तैनात रहे डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय पर भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे। शासन ने 22 अगस्त 2025 को निलंबित कर दिया था। उन पर विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने और उच्च अधिकारियों को भ्रामक सूचनाएं देने का आरोप लगा था। इसके अलावा भ्रष्टाचार के भी आरोप की जांच की गई थी। उनके बाद से ही चेतेंद्र पाल सिंह को कार्यवाहक का प्रभार मिला था और बाद में डीपीआरओ के पद पर पदोन्नत हो गए थे और चार्ज भी मिल गया था। उसके बाद से ही वह चार्ज पर बने हुए हैं।
वीडियो जो वायरल हो रहा है वह एआई से बनाया हुआ है। हमें बदनाम करने का प्रयास है। वीडियो वायरल होने की जानकारी हमें देर शाम ही मिली है।
-चेतेंद्र पाल सिंह, डीपीआरओ, संभल
डीपीआरओ का वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया है। सीडीओ को जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई आगे की जाएगी।-डीएम, संभल