चंदौसी। मोहल्ला हनुमानगढ़ी में सोमवार की दोपहर एक पागल कुत्ते ने 10 वर्षीय बालक प्रशांत पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन व मोहल्ले के अन्य लोग दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उसे पागल कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कुत्ता रविवार रात से चार-पांच पालतू जानवरों को भी काट चुका है।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे मोहल्ला हनुमानगढ़ी निवासी जयवीर सिंह का बेटा प्रशांत घर के बाहर खेल रहा था। तभी अचानक एक पागल कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के हाथ-पैर पर बुरी तरह काट लिया। उसकी चीख सुनकर परिजन व मोहल्ले के लोगों आए और किसी तरह कुत्ते को भगाया। इसके बाद परिजन घायल बच्चे को उपचार के लिए सीएचसी लाए। यहां चिकित्सक ने बच्चे का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया।
पिता जयवीर सिंह ने बताया कि यह पागल कुत्ता रात से ही मोहल्ले में घूम रहा है और अब तक चार से पांच पालतू जानवरों को भी काट चुका है। इससे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द कुत्ते को पकड़ने की प्रशासन से मांग की।