खेल एवं शारीरिक शिक्षा की प्रायोगिक परीक्षा के दौरान सोमवार को एमजीएम कालेज में हंगामा खड़ा हो गया। शिक्षकों के साथ अभद्रता की गई। एक शिक्षक से हाथापाई हुई है। कालेज में पुलिस बुलानी पड़ी। हंगामे के बाद छात्र के खिलाफ शिक्षकों की ओर से तहरीर दी गई है। देर शाम छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
एमजीएम कालेज के क्रीड़ा कक्ष में सोमवार को खेल एवं शारीरिक शिक्षा की प्रायोगिक परीक्षाएं चल रहीं थी। शिक्षक डा. निरंकार, डा. मोहम्मद नदीम, डा. पूजा गुप्ता, डा. हुमा फात्मा, डा. शशिकांत परीक्षा ले रहे थे। तमाम छात्र- छात्राओं की कतार लगी हुई थी। इस बीच बीए प्रथम वर्ष का छात्र मोहम्मद शाकिर आया। वह कतार में खड़े न होकर अपनी परीक्षा पहले देना चाहता था।
उसकी समाजशास्त्र विषय के शिक्षक डा. निरंकार से कहासुनी हो गई। गाली गलौज की गई। मामला इतना बढ़ा कि छात्र ने हाथ उठा दिया। शिक्षकों तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुमंत कुमार ने उन्हें बचाया। आरोप है कि शिक्षकों और कार्यालय कर्मचरियों के साथ भी अभद्रता की गई। कुर्सी तोड़ी गई। फाइलें फाड़ी गईं।
हंगामा कर रहे छात्र को छात्रसंघ अध्यक्ष मोहम्मद रजी ने समझाया लेकिन वह शांत होने के लिए राजी नहीं था। इस पर शिक्षकों ने इस घटना की जानकारी प्राचार्य को दी। प्राचार्य ने पुलिस को बुलाया। इसके बाद लिखित तहरीर दी गई। देर शाम छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। हंगामे की वजह से कालेज में प्रायोगिक परीक्षाएं बाधित हो गईं।