संभल नखासा मार्ग पर सोमवार को दोपहर तक आंधी से गिरा पेड़ नहीं हटा।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में शुक्रवार की रात्रि आई आंधी का असर अब तक बरकरार है। बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। बिजली लाइनों के 650 से अधिक खंभे टूटे हैं। जिले भर में 150 बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं हैं। जिले में 132 केवी बिजली घर से ग्रामीण क्षेत्रों के उपकेंद्रों की बिजली लाइनें ठीक कर दी गईं पर 11 केवी फीडरों पर फाल्ट होने के बाद भी संभल के ग्रामीण क्षेत्र में 125 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
उप खंड अधिकारी ग्रामीण अमर पाल ने बताया कि हमारे उप खंड में 340 खंभों की बिजली लाइन टूटकर क्षतिग्रस्त हुई थी। इसके लिए खंड कार्यालय से नए खंभे मांगे थे। चालीस खंभे मिले हैं जिन पर लाइन बन रही है। मंगलवार को 300 खंभे मिलने की उम्मीद है। खंभे और तार मिलते ही लाइन बन जाएगी। इससे 125 गांवों की आपूर्ति बहाल हो जाएगी। वहीं दूसरी ओर आंधी का असर अभी यातायात व्यवस्था पर जारी है। सलारपुर-नखासा के बीच एक बड़ा पेड़ उखड़ा पड़ा है।
लखौरी-संभल मार्ग पर जालबसराय मुख्य सड़क पर एक पेड़ यातायात को बाधित कर रहा है। आसपास के गांवों के लोग सड़क पर पेड़ की डालें काट रहे हैं। जबकि लखौरी संभल मार्ग पर पहले जैसा हाल है। आधी सड़क पर पेड़ का कब्जा है और आधी सड़क से लोग निकल रहे हैं। यातायात प्रभावित है।