चंदौसी। इन दिनों पूर्णागिरी धाम के दर्शन करने के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं का जत्था साइकिल व ट्रेन और अपने निजी वाहनों से जा रहा है। ऐसे में चंदौसी रेलवे स्टेशन से नियमित चलने वाली पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस में जनरल कोच न होने के कारण आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि टनकपुर के लिए साप्ताहिक तीन स्पेशन ट्रेनें और भी हैं। होली के बाद मां पूर्णागिरी धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन करने और मेला देखने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में शहर व आस पास क्षेत्र के लोग को पूर्णागिरी धाम पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चंदौसी रेलवे स्टेशन से टनकपुर जंक्शन तक जाने के लिए नियमित ट्रेन सिर्फ पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस ही है। पहले कोरोना समय से पहले इस ट्रेन में जनरल बोगियां होती थीं। लेकिन बाद में सामान्य कोच को जनशताब्दी एक्सप्रेस से हटा दिया गया। अब सिर्फ आरक्षित सीट वाले यात्री ही इसमें सफर कर टनकपुर जंक्शन पहुंचकर मां पूर्णागिरी धाम पर जा सकते हैं। इसके अलावा टनकपुर के लिए टनकपुर स्पेशन ट्रेन हफ्ते में तीन दिन व दौरई- टनकपुर सप्ताह में चार दिन और टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस सिर्फ रविवार को ही चलती है। लेकिन इन ट्रेनों का साप्ताहिक संचालन होने की वजह से यात्री पूर्णागिरी जनशताब्दी में सफर करना ज्यादा पसंद करते हैं। इस ट्रेन में जनरल कोच न होने की वजह से आम यात्री निजी वाहनों से ज्यादा रुपये खर्च कर पूर्णागिरी धाम जाने को मजबूर है। हालांकि कई बार सामाजिक संगठन पूर्णागिरी जनशताब्दी में जनरल कोच जोड़ने की मांग रेलवे से कर चुके हैं।
सामान्य नागरिक पहले पूर्णागिरी जनशताब्दी में यात्रा कर माता के दर्शन के लिए पहुंचते थे। लेकिन जनरल बोगी न होने के कारण अब उन्हें परेशानी हो रही है।
रतन वार्ष्णेय, श्रद्धालु
साप्ताहिक ट्रेनों में दिन निर्धारित है। जबकि आम नागरिक अपने अवकाश के समय ही यात्रा करना पसंद करता है। ऐसे में पहले पुर्णागिरी जनशताब्दी के नियमित चलने से आम यात्रियों को परेशानी नहीं होती थी। लेकिन कोराना के बाद इस ट्रेन से जनरल बोगियां हटा दी गई।
भूपेंद्र कुमार, श्रद्धालु