चंदौसी। शुक्रवार की रात व शनिवार की सुबह घना कोहरा छाने से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। कोहरे में वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए। वहीं आगामी दो दिन में अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार हैं, पर न्यूनतम तापमान में कोई कमी नहीं होगी। अभी ठंड और सताएगी।
शुक्रवार की रात आठ बजे से घना कोहरा छाने से वाहनों की रफ्तार धम गई। शहर व हाइवे पर कोहरे के कारण वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे का आलम शनिवार की सुबह को भी जारी रहा। सुबह को हाईवे पर वाहन हेडलाइट लगाकर धीमी गति से गुजर रहे थे। सुबह दस बजे कोहरे हल्का होने पर हाईवे व सड़कों पर यातायात सामान्य ढंग से सुचारु हो सका। कोहरे छटने के बाद ठंड व गलन ने लोगों को बहुत परेशान किया। जगह-जगह व दुकानों के बाहर लोग अलाव तापते नजर आए। ठंड व कोहरे के कारण बाजार में भी लोग कम आए।
शनिवार की दोपहर करीब दो बजे के बाद सूर्य देव के दर्शन होने पर लोगों ने ठंड से राहत महसूस की। मगर शाम होते ही ठंड बढ़ गई। वहीं अभी कुछ दिन और कोहरा छाए रहने का आसार हैं। जबकि आगामी दो दिन अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार बने हैं। मगर न्यूनतम तापमान में कोई कमी नहीं होगी। अभी कुछ दिन ठंड का प्रकोप जारी बना रहने की संभावना बनी हुई है।