संभल। भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) के कार्यकर्ताओं ने एडीएम कार्यालय परिसर में विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इसमें खतौनी में किसानों के नाम-पते दुरुस्त कराने, बिजली बिल ठीक कराने समेत कई मांगें उठाईं।धरना-प्रदर्शन के दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष कामेंद्र चौधरी ने कहा कि तहसील स्तर पर फैले भ्रष्टाचार के कारण आमजन को आय, जाति, निवास एवं वारिसान दर्ज कराने जैसे कामो में दिक्कत आ रही है। किसानों की खतौनी में नाम, पिता का नाम एवं अंश गलत दर्ज हैं, जिन्हें अभियान चलाकर दुरुस्त कराया जाए। बिजली निजीकरण और घरेलू बिजली बिल में 40 प्रतिशत वृद्धि का विरोध किया। कहा कि आधे से ज्यादा घरेलू मीटर गलत बिल निकाल रहे हैं, अभियान चलाकर सही कराया जाए। हर घर जल, हर घर नल मिशन के तहत तोड़ी गईं सड़कों की मरम्मत में घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाया।
कहा कि करीब 20 दिनों से गांवों में चोरों का आतंक है। ड्रोन उड़ने से ग्रामीण दहशत में हैं। इस तरफ प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। जिला प्रभारी सुभाष चाहल ने अपात्रों के राशन कार्ड निरस्त कर पात्रों के बनवाने, क्रेडिट कार्ड की लिमिट पांच लाख का लाभ किसानों को दिलाने की मांग उठाई। मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
इस दौरान अनमोल कुमार, अधिवक्ता साकिब अली, मेहंदी हसन, प्रवेंद्र यादव, निर्देश कुमार, सूफियान पाशा, इकराम, फुरकान, कलीम, अमनजीत चौधरी आदि रहे।