संभल। संभल में दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। दिल्ली पुलिस गोकशी के मामले में पकड़े गए आरोपी को रिमांड पर लेकर आई थी जबकि हरियाणा की पुलिस चोरी हुई लग्जरी कार की लोकेशन संभल में ट्रेस होने पर आई थी। हालांकि न तो दिल्ली पुलिस को कोई सफलता मिली और न ही हरियाणा की पुलिस के हाथ आरोपी आ सके। इसके बाद बैरंग ही पुलिस को लौटना पड़ा।
दरअसल, संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाला निवासी अल्तमस को दिल्ली की पुलिस ने गोकशी के आरोप में पकड़ लिया था। प्रकरण दो दिन पुराना है। पुलिस को शक है कि गोकशी के इस मामले में और भी आरोपी हो सकते हैं, इसलिए ही दबिश दी गई है। रविवार को दिल्ली की पुलिस आरोपी अल्तमस को रिमांड पर लेकर संभल पहुंची थी। आरोपी के घर पर दबिश देकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया लेकिन कोई नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ा।
ऐसी ही स्थिति हरियाणा की पुलिस की रही। एक लग्जरी कार चोरी हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी की लोकेशन ट्रेस की तो संभल में होने की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस टीम संभल आई और लोकेशन वाले स्थान तश्तपुर पहुंची लेकिन वहां कोई हाथ नहीं आया, जिसके बाद पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। दोनों ही कार्रवाई के दौरान संभल कोतवाली के पुलिस कर्मी साथ रहे।