संभल। विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री गौरव प्रताप की वीडियो पोस्ट पर दूसरे समुदाय के द्वारा इंस्टाग्राम आईडी से अभद्र टिप्पणी और जान से मारने की धमकी के कमेंट से कार्यकर्ताओं में आक्रोश पनप गया। कार्यकर्ताओं ने बैठक कर अधिकारियों से इस मामले में कार्रवाई की मांग की। डीएम और एसपी को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग भी की गई है।
मोहल्ला कोट पूर्वी में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुछ समय पहले कल्कि धाम संभल अकाउंट से विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री गौरव प्रताप की एक वीडियो पोस्ट की गई थी। उस पोस्ट पर दूसरे समुदाय के युवक ने इंस्टाग्राम आईडी से विभाग संगठन मंत्री के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बीच जान से मारने की धमकी का कमेंट किया। एक अन्य व्यक्ति की इंस्टाग्राम आईडी से भी धमकी भरे कमेंट किए गए, जो बहुत ही संवेदनशील है।
कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने डीएम और एसपी से मिलकर नरौली निवासी नितिन शर्मा की ओर से तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। विहिप नेताओं ने कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं होती है तो विहिप और बजरंग दल रणनीति तैयार करेंगे। इस दौरान राजकुमार डूगर, जितेंद्र, अमित वार्ष्णेय, आशु गर्ग, कपिल चौधरी, विजय चौधरी, नितिन शर्मा आदि रहे।