शहर से सटे गांव करेली स्थित मोबाइल टावर पर फाल्ट सही करते समय बिजली आ गई। करंट की चपेट में आने सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के दासपुर गांव निवासी प्रमोद शर्मा (30) पुत्र रामवीर शर्मा पिछले कुछ सालों से ससुराल कैथल गांव में रहकर करेली के मोबाइल टावर पर बतौर सुरक्षाकर्मी तैनात था। बताते हैं कि सुबह साढ़े ग्यारह बजे टावर की बिजली खराब हो गई।
टावर कर्मियों के अनुसार सुरक्षाकर्मी ने बिजलीघर पर फोन करके बिजली खराब होने की सूचना देकर बिजली बंद करने को कहा। बिजली बंद होने के बाद प्रमोद शर्मा टावर पर चढ़ गया। वह बिजली ठीक ही कर रहा था कि अचानक हाईटेंशन लाइन में करंट आ गया।
करंट की चपेट में आकर सुरक्षाकर्मी झुलस गया। सुरक्षाकर्मी के नीचे गिरते ही लोगों में खलबली मच गई। अन्य टावर कर्मियों ने मृतक के ससुर राजेंद्र कुमार को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन सुरक्षाकर्मी को चिकित्सक के यहां ले गए। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के दो बच्चे हैं। उधर, अवर अभियंता राम कुमार ने बताया कि किसी बाहरी व्यक्ति के कहने पर शटडाउन नहीं दिया जाता है। लाइनमैन उपलब्ध है, यदि कोई लाइन में फाल्ट था तो लाइनमैन ठीक करते, खुद ठीक नहीं करना चाहिए था। साथ ही बिजलीघर को कोई सूचना भी नहीं दी गई थी।