चंदौसी। अनियंत्रित हुई लोहे से भरी डीसीएम चंदौसी में भैतरी फाटक 34 ए का बूम तोड़ कर मालगाड़ी से टकरा गई। हादसे में घायल डीसीएम चालक की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक बाधित हो गया। गेटमैन की सूचना से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी, आरपीएफ देर रात तक रेलवे ट्रैक से डीसीएम को हटवाने में जुटे थे।
मंगलवार की रात करीब नौ बजे मालगाड़ी बरेली की ओर से आ रही थी। सूचना पर नौ बजकर दो मिनट पर भैतरी स्थित रेलवे फाटक 34 ए के गेटमैन बघेल मकरन सिंह ने फाटक बंद कर दिया। नौ बजकर 15 मिनट पर मालगाड़ी भैतरी फाटक को पार कर रही थी। इस दौरान बदायूं की ओर से आ रही डीसीएम चालक ने अनियंत्रित होकर फाटक के बूूम में टक्कर मार दी। डीसीएम बूम को तोड़ते हुए मालगाड़ी के पिछले हिस्से में मामूली रूप से टकरा गई।
हादसे में डीसीएम क्षतिग्रस्त हो गई और रेलवे ट्रैक बाधित हो गया। गंभीर रूप से घायल डीसीएम चालक की पहचान चंदौसी के मोहल्ला नखासा निवासी निजाम के रुप में हुई। डीसीएम चालक निजाम गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक को उपचार हेतु निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के कुछ देर बाद चालक की मौत हो गई। हादसे की सूचना गेटमैन ने स्टेशन अधीक्षक, आरपीएफ को हादसे की सूचना से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। स्टेशन अधीक्षक आशीष मिश्रा, आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। ट्रैक से डीसीएम को हटवाने के लिए क्रेन मंगवाई गई थी। देर रात तक अधिकारी ट्रैक से डीसीएम को हटवाने और बूम को ठीक कराने में जुटे रहे।
बदायूं से बिजनौर लोहा लेकर जा रहा था डीसीएम चालक
चंदौसी निवासी डीसीएम मालिक मोहम्मद जकी ने बताया कि उसकी डीसीएम पर चंदौसी निवासी निजाम चालक था। वह बदायूं के इस्लाम नगर से डीसीएम में लोहा भरकर बिजनौर जनपद जा रहा था। रात के समय भैतरी फाटक पर हादसा हो गया।
हादसे के बाद भागे मजदूर
चंदौसी। डीसीएम मालिक मोहम्मद जकी ने बताया कि डीसीएम पर चालक मजदूर भी सवार थे। गेटमैन बघेल मकरन सिंह ने बताया कि हादसे में अन्य कोई घायल नहीं हुआ है। जो अन्य लोग थे, वह हादसे के बाद फरार हो गए।
स्टेशन पर रोक दी गई मालगाड़ी
चंदौसी। बूम टूटने के बाद डीसीएम मालगाड़ी के पिछले हिस्से से टकराई थी। हादसे के बावजूद मालगाड़ी सुरक्षित गुजर गई। इसके बाद चालक ने मालगाड़ी को रेलवे स्टेशन चंदौसी पर रोक दिया।
अनियंत्रित हुई डीसीएम बूम से टकराकर रूक गई थी। मालगाड़ी से टकराने की संभावना कम है। मालगाड़ी फाटक से सुरक्षित गुजर गई थी। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि डीसीएम मालगाड़ी से टकराई थी या नहीं। रेलवे ट्रैक बाधित है। उसे सही कराने के लिए क्रेन मंगवाई गई है। डीसीएम हटवाकर और बूम को ठीक कराकर ट्रैक को सुचारु कराया जाएगा।
आशीष मिश्रा, स्टेशन अधीक्षक चंदौसी।