गुन्नौर। मोहल्ला टंकी में हाईवे किनारे आबादी से 200 मीटर तालाब से निकलकर मगरमच्छ एक खाली प्लॉट में घुस गया। वहां मगरमच्छ देकर आसपास के लोगों एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर गंगा में छोड़ दिया है।
गन्नौर के मोहल्ला टंकी में आगरा - मुरादाबाद हाईवे के किनारे पर स्थित तालाब से एक मगरमच्छ शुक्रवार की रात करीब 11 बजे पश्चिम दिशा में करीब 200 मीटर दूर नगर के मोहल्ला हीरापुर में स्थित खाली पड़े प्लाट में घुस गया। मोहल्ले में मगरमच्छ आने की सूचना पर मोहल्ले के लोगों में हड़कंप मच गया। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वन विभाग की टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया। वन विभाग के रेंजर मदनलाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मगरमच्छ को कब्जे में ले लिया।
वन विभाग की टीम द्वारा मगरमच्छ को पकड़ लेने के बाद में मोहल्ले के लोगों ने चैन की सांस ली। मगरमच्छ को पकड़ने के बाद गंगा में ले जाकर छोड़ दिया। पूर्व में भी एक बार तालाब से निकलकर मगरमच्छ मोहल्ला टंकी में बने नाले में चला गया था। जिसे पकड़ने के लिए मोहल्ले के लोगों ने काफी मशक्कत की लेकिन वह पकड़ने में सफल न हो सके। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने कई दिन तक तालाब में मगरमच्छों को तलाशा। लेकिन सफलता हाथ न लग सकी। तालाब के चारों तरफ भारी मात्रा में घास जमी हुई है। जिसके चलते तालाब में मगरमच्छों को तलाशना बहुत ही मुश्किल है। पूर्व में अधिकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन को तालाब के किनारो से घास को हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन किसी ने भी तालाब के किनारे से घास को हटाने का प्रबंध नहीं किया। वन विभाग के रेंजर मदनलाल ने बताया कि देर रात गुन्नौर के मोहल्ला हीरापुर में मगरमच्छ आने की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम के साथ मौके पर गए और मगरमच्छ को पड़कर गंगा में छोड़ दिया।
देर रात मोहल्ले में मगरमच्छ के आने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों में डर है कि कहीं कोई दोबारा से मगरमच्छ फिर मोहल्ले में ना आ जाये। पहले एक बार तालाब से निकलकर मगरमच्छ मोहल्ले में पहुंच गया था। जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन वह उसे पकड़ ना सके। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि यदि रात में मगरमच्छ के आने की सूचना न मिलती तो मगरमच्छ किसी न किसी घटना को अंजाम दे सकता था।