तीन साल पहले गंगा स्नान को आए परिवार से बिछुड़ गई किशोरी को गुन्नौर थाने के ही एक परिचित व्यक्ति ने अपने घर में रख लिया। साथ ही उसकी उम्र से बीस वर्ष बड़े व्यक्ति की पत्नी बना दिया। इस दौरान तीन आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप भी किया। इसमें फैसला कराने को एक महिला ने फर्जी मां बनकर पुलिस से साठगांठ करके दूसरा मुकदमा लिखाकर किशोरी को पकड़वा लिया। मीडिया में आई खबरों को देखकर शुक्रवार को गाजियाबाद से उसके असली मां-बाप आ गए। आरोप है कि पुलिस उन्हें मिलने नहीं दे रही है।
उन्होंने सीओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। पुलिस का कहना है कि मुन्नी नाम की दो महिलाएं युवती को अपनी बेटी बता रहीं हैं। इसलिए अब डीएनए टेस्ट कराना होगा। गाजियाबाद से आए लोगों ने सीओ गुन्नौर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बेटी को उन्हें सौंपने की मांग की। थानाध्यक्ष रजपुरा कुंज बिहारी मिश्रा ने साठगांठ के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि मामले की जांच सीओ कर रहे हैं।