गुन्नौर/चंदौसी। गंगा में पानी घटते ही तलहटी वाले इलाकों में रेत का अनाधिकृत खनन एक बार फिर तेज हो गया है। शनिवार की रात को खनन विभाग की टीम ने कोतवाली क्षेत्र के गंगा से सटे क्षेत्रों में छापेमारी कर अनाधिकृत खनन कर रेत ले जा रहे तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ा लेकिन कोतवाली ले जाते समय रास्ते में खनन कर रहे लोगों ने उन्हें घेर लिया और अपने वाहनों को छुड़ा ले गए। रविवार की सुबह धनारी पुलिस ने खनन कर बालू ले जाते एक ट्राली को पकड़ा है।
कोतवाली गुन्नौर के मेरठ-बदायूं मार्ग पर नरौरा बैराज के समीप गंगा की तलहटी से खनन कारोबारी लगातार खनन कर निकट की मंडी नरौरा (बुलंदशहर) में बेच कर हर दिन लाखों कमा रहे हैं। बुलंदशहर - संभल जिले की सीमा से होकर गुजरती गंगा पर रातभर इन दिनों खनन किया जा रहा है। सुबह चार बजे से पहले पहले दर्जनों ट्रैक्टर ट्राली बुलंदशहर नरौरा सहित कई मंडियों में पहुंचा दिए जाते हैं। शनिवार की रात्रि खनन विभाग की टीम ने गंगा की तलहटी मे छापेमारी की। ग्रामीणों की माने तो खनन विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को बालू का अवैध खनन कर ले जाते हुए पकड़ा लेकिन वाहनों को कोतवाली ले जाते समय खनन करने वाले ने टीम व होमगार्डस को डरा धमकाकर अपने लोगों को छुड़ा लिया और भाग निकले। सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने देर रात्रि तक कांबिंग भी की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। रविवार की सुबह पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने रसूलपुर व विचपुरी सैलाब के खलिहान में खनन की जगह पर पहुंचकर नाप तौल की। इसके अलावा थाना धनारी पुलिस ने भी महाबा नदी के जंगल से अवैध खनन कर बालू ले जाते ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ा है।