कोतवाली क्षेत्र के नाला मोहल्ले में मंगलवार को शाम पांच बजे बच्चों के खेलने को लेकर उपजे विवाद के बाद दो गुटों के बीच संघर्ष हो गया। दोनों से पथराव और फायरिंग की गई। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों में दुबक गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह विवाद शांत कराया।
घायलों जिला अस्पताल लाया गया। उधर घायलों के परिवार वालों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शहर के मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीआईजी भी मौके पर पहुंच गए थे।
नाला मोहल्ला निवासी मोहम्मद शाद के भांजे खुर्रम व गुलाम नवी के बेटे हसन के बीच में मंगलवार को खेलते समय झगड़ा हो गया। दोनों के बीच मारपीट हो गई थी। सूचना मिलने पर चौधरी सराय चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची तथा हसन को हिरासत में ले लिया था।
बाद में पुलिस ने हसन को छोड़ दिया। थोड़ी देर बाद दोनों गुटों के लोग थाने पहुंचे। थाने में समझौते की बात शुरू हो गई। दोनों गुट अपने घर आ गए। घर आकर दोनों गुटों के बीच फिर से विवाद हो गया। देखते ही देखते संघर्ष में बदल गया। पत्थरबाजी शुरू हो गई। तमंचे लहराए तथा फायरिंग शुरू हो गई।
जिसमें गोली लगने से हसन व उसका भाई जुनैद और अलतमश घायल हो गए। घायलों के परिवार वालों ने जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। एसडीएम जेबी सिंह व सीओ अफसर अब्बास मौके पर पहुंचे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह जाम खुलवाया।
डीआईजी ओमकार सिंह व पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना ने भी घटना स्थल का मुआयना किया। चिकित्सक ने हसन की हालत गंभीर देख मुरादाबाद अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मोहल्ला नाला में फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस के सामने भी पथराव हुआ और एक के बाद एक कई फायर किए गए।
पथराव व फायरिंग मकानों की छतों से की जा रही थी। पुलिस बमुश्किल मकानों की छतों पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी मकान की छतों से कूदकर भाग गए। काफी कोशिशों के बाद पुलिस ने मामला शांत कराया। इस दौरान पुलिस को लाठियां फटकार कर भीड़ को दौड़ाना भी पड़ा।