संभल में महिला की हत्या के आरोपियों को जेल ले जाती हयातनगर पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
अवैध संबंधों में बाधक बन रही पत्नी को पति ने दोस्त व रिश्तेदार के सहयोग से मौत के घाट उतार दिया था। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के ही साधुमढ़ी इलाके में सड़क के किनारे गड्ढे में लाश दबा दी गई थी। इस हत्याकांड का हयातनगर थाना पुलिस ने मंगलवार दोपहर खुलासा किया है। आरोपी पति और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी जो पति का रिश्तेदार है। अभी हाथ नहीं आया है।
बिलारी कोतवाली क्षेेत्र के मल्लपुर गांव की निवासी रश्मि (24) का विवाह चार वर्ष पहले ततारपुर घोसी निवासी देवपाल से हुआ था। देवपाल अपनी पत्नी रश्मि को लेकर गाजियाबाद की खोकड़ा कालोनी में रहने लगा था। वह दिल्ली में गोल गप्पे का ठेला लगाकर गुजारा करता था। इस दौरान उसके एक महिला से संबंध बन गए जिसका पत्नी विरोध करती थी। इसी के चलते उसने पत्नी की हत्या की। हयातनगर के थाना प्रभारी बृजमोहन गिरी ने मंगलवार को दोपहर इस घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 9 जून को देवपाल अपनी पत्नी को लेकर दिल्ली से चला।
पत्नी से कहा था कि गुन्नौर क्षेत्र की साधु मढ़ी में एक सिद्ध संत आते हैं। उनके पास चलना है। पति-पत्नी वहां से बस से चले और गुन्नौर तिराहे पर उतर गए। इसके बाद देवपाल का दोस्त उमेश और रिश्तेदार सोमवीर मिला। यह चारों लोग एक ही बाइक पर चले। बाइक सोमवीर चला रहा था। गुन्नौर तिराहे से साधू मढ़ी तक करीब 13 किलोमीटर का सफर बाइक पर किया। न्योरा-ब्योरा स्थित साधू मढ़ी से 200 मीटर आगे निर्माणाधीन सड़क किनारे सुनसान इलाके में महिला का गला घोंट दिया। इसके बाद एक गड्ढे में दबा दिया।
ऊपर से मिट्टी डाल दी। इसके बाद सभी आरोपी दिल्ली चले गए। इसी बीच चाटन गांव निवासी रश्मि के फूफा अजयपाल अपनी ससुराल मल्लपुर में आयोजित शादी समारोह में भाग लेने के लिए गए। वहां उन्हें रश्मि के गायब होने और मार दिए जाने के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने छानबीन की और हयातनगर थाने में 7 जुलाई को देवपाल व उसके घरवालों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद थाना पुलिस जांच में जुट गई। जांच में जब पुलिस ने पति को पकड़ा और सख्ती दिखाई तो हत्या का खुलासा हुआ।
पति की निशानदेही पर जब पुलिस ने साधू मढ़ी जाकर गड्ढा खुदवाया तो उसमें लाश गल गई थी। अस्थियां मिलीं और कुछ कपड़े मिले। इसके आधार पर फूफा अजयपाल ने शिनाख्त की। पति देवपाल और हयातनगर थाना क्षेत्र के सारंगपुर निवासी दोस्त उमेश को गिरफ्तार किया है। जबकि लधनपुर निवासी रिश्तेदार सोमवीर को भागा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गड्ढे से महिला की अस्थियां व कपड़े बरामद किए गए हैं।