बनियाखेड़ा विकास क्षेत्र के आलमपुर कुदैया गांव के दो बूथों को इस बार निकटस्थ गांव भीकनपुर में शिफ्ट कर दिया गया। मतदाताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ मतदेय स्थल पर एकत्र होकर हंगामा किया। साथ ही मतदान के बहिष्कार की चेतावनी दी है।
जिसे देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने आलमपुर में दो बूथ बनाने की अनुमति दे दी है। आलमपुर कुदैया के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में पिछले पंचायत चुनाव में भी प्राथमिक विद्यालय में दो बूथ बनाए गए थे, यहां 1600 मतदाता है।
जबकि जिला प्रशासन ने इस बार 603 मतदाताओं वाले गांव भीकनपुर में आलमपुर कुदैया के मतदाताओं को भी जोड़ते हुए भीकनपुर में तीन बूथ बना दिए। पूरे गांव को वोट डालने के लिए भीकनपुर जाने को कहा जा रहा है। ग्रामीणों ने तय किया है कि वह भीकनपुर में मतदान करने नहीं जाएंगे।
मतदाताओं ने प्राथमिक विद्यालय पर एकत्र होकर जमकर हंगामा किया। इसमें उसमान, मुबारिक, फुरकान अली, अकील, अरविंद, इद्रीश खान, तिलक सिंह, इकरार, कमरुद्दीन, नन्हें, साजिद, हासिम, हासम, रफीक, सफी खां, असगर, महेंदर् सिंह, अक्षय सिंह आदि रहे।
इधर देर शाम डीएम एनकेएस चौहान ने बताया कि मतदाताओं की मांग पर आलमपुर कुदैया में दो मतदेय स्थल व भीकनपुर मे एक मतदेय स्थल बनाने के आदेश कर दिए गए हैं। इसलिए ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर दिया गया है।