त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2015 के अंतिम चक्र का मतदान निर्धारित समय पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। सुबह से मतदाताओं में जोश दिखा। लंबी-लंबी कतारें लगी दिखी। लेकिन दोपहर के बाद रफ्तार सुस्त हो गई, हालांकि शाम को एक बार रिमझिम फुहारों के बीच मतदाता बूथों पर आए।
जिससे बनियाखेड़ा, पंवासा व आंशिक बिलारी विकास क्षेत्र में 508 मतदेय स्थलों पर अफवाहों के बीच 61.49 प्रतिशत मतदान हुआ। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2015 के अंतिम चरण का मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। क्षेत्र के कुछ मतदेय स्थलों पर तड़के से ही मतदाताओं की लंबी लंबी लाइनें दिखी।
लेकिन कुछ क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार काफी सुस्त रही। 10 बजे रतनपुर में 30 प्रतिशत, 11.40 बजे कुढ़फतेहगढ़ में 52, दारनी में 12.05 बजे तक 50 फीसदी, अफजलपुर डरौली में 1.40 बजे तक 1847 में 972 मतदाताओं ने वोट डाल दिए थे।
एंचोली में 4.30 बजे तक बूथ-12 पर 939 में 459, बूथ-14 में 996 में 507 वोट डाले गए। दोपहर बाद रिमझिम बरसात शुरू हो गई, ठंडक भी बढ़ गई। दिनभर बूथ कैप्चरिंग व फर्जी मतदान की शिकायतें आती रही। करीब दो दर्जन से अधिक युवकों को फर्जी मतदान के शक में पकड़ा गया।
करीब अस्सी वाहनों को कब्जे में लिया गया लेकिन शाम को छोड़ दिया गया। कई बूथों पर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। बेरनी बूथ पर दो एजेंट आपस में लड़ गए तो जिला पंचायत के वार्ड-17 पर एक प्रत्याशी को सुरक्षा कर्मी से अभद्रता करने के आरोप में पकड़कर कोतवाली भेज दिया गया। शाम को पांच बजे तक बनियाखेड़ा विकास क्षेत्र में 59.77 प्रतिशत, पंवासा में 61.27 व बिलारी (आंशिक) में 65.51 प्रतिशत मतदान हुआ।