प्रधान और पंचायत सदस्य पद के लिए बुधवार को चौथे चरण का मतदान हुआ। संभल और असमोली में 76.65 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। सुबह सात बजे अधिकतर मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया। शाम 4.30 बजे तक मतदान चला। अधिकतर मतदान केंद्रों पर सुबह से कतारें लग गईं थीं लेकिन कुछ मतदान केंद्र ऐसे थे।
जहां पर सात बजे के बाद लोग पहुंचे। कई स्थानों पर फर्जी आईडी से वोट डालने को लेकर विवाद पैदा हुआ। दो स्थानों पर पथराव भी हुआ। नोकझोंक, विवाद और छुटपुट बवाल के बीच जिले में चौथे चरण का मतदान शांतिपूर्ण रहा। असमोली विकास खंड में और संभल विकास खंड 76.17 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसके साथ ही असमोली और संभल में प्रधान पद के 1878 उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया। संभल में प्रधान पद के 981 प्रत्याशी और असमोली में 897 उम्मीदवार मैदान में थे। सर्वाधिक 36 उम्मीदवार मढ़न गांव में थे। गांव में दिन भर गहमागहमी रही।
जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने बताया कि संभल विकास खंड में 1,93,726 में से 1,47,564 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान का प्रतिशत 76.17 रहा। असमोली विकास खंड में मतदान 77.46 प्रतिशत रहा। जबकि पूरे जिले का औसत मतदान 76.65 प्रतिशत रहा।