ग्राम पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री में तेज हो गई है। शनिवार को सुबह से ही उम्मीदवार नामांकन पत्रों की खरीद के लिए लंबी कतारों में लगे नजर आए। शनिवार को 72 ग्राम प्रधान पद के 490 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 305 नामांकन पत्र बिके।
नोड्यूज और मतदाता सूची में नाम सत्यापन के लिए भी उम्मीदवारों को मशक्कत का सामना करना पड़ा। घंटो इंतजार और मशक्कत के बाद उम्मीदवारों को नामांकन पत्र समेत आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में सफलता मिल सकी। विकासखंड बनियाखेड़ा में ग्राम पंचायत चुनाव पहले चरण में होना है।
16 और 17 नवंबर को नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जानी है। नामांकन प्रक्रिया पूरी किए जाने के लिए उम्मीदवारों ने आवश्यक प्रपत्र एकत्र किए। प्रपत्र प्राप्त करने के लिए सुबह से ही लंबी कतारों का नजारा रहा। घंटों इंतजार के बाद उम्मीदवारों को आवश्यक प्रपत्र मिल सके।
सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) दिनेश सिंह ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए उम्मीदवारों के लिए आवश्यक प्रपत्र तैयार किए जाने के लिए कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। किसी को भी कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। शनिवार को प्रधान पद के 490 व पंचायत सदस्य पद के 305 पर्चे बिके।
बनियाखेड़ा विकास क्षेत्र की 44 व बिलारी आंशिक की 28 ग्राम पंचायतों के लिए पर्चे खरीदे जा रहे हैं, इसके अलावा पंवासा विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायतों के लिए भी नामांकन पत्रों की बिक्री की जा रही है।