थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव खेड़ाखास और सराय सिकंदर के बीच टैंपो और बाइक में गुरुवार को अपराह्न 12:45 बजे सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार जयपाल (45) और उनकी पत्नी संतोष (42) की मौत हो गई। जयपाल के बेटे गुड्डू समेत पांच लोग गंभीर घायल हो गए। थाना पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना बनियाठेर क्षेत्र के नरौली निवासी जयपाल सिंह पुत्र श्यामलाल सैनी अपने बेटे गुड्डू के साथ बाइक से पत्नी संतोष को दवा दिलाने के लिए संभल जा रहे थे। अपराह्न करीब 12:45 बजे सराय अड्डे से निकलते ही खेड़ाखास से पहले गन्ना क्रय केंद्र के नजदीक सामने से आ रहे टैंपो से टक्कर हो गई।
आमने- सामने की टक्कर में बाइक सवार जयपाल सिंह, बेटा गुड्डू और पत्नी संतोष समेत टैंपो चालक फाजलपुर निवासी देशराज पुत्र जगदीश, टैंपो सवार भरकऊ निवासी दुष्यंत पुत्र प्रेमपाल, ओमप्रकाश पुत्र मनोहर व राजपाल पुत्र देवी सिंह गंभीर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर नरौली चौकी पुलिस और थाना बनियाठेर पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर घायलों को इलाज के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया।
जयपाल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जयपाल की पत्नी संतोष और बेटे गुड्डू को रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय संतोष की भी मौत हो गई। । जयपाल का बेटा गुड्डू गंभीर घायल है। गुड्डू का मुरादाबाद के पाकबड़ा स्थित डेंटल कॉलेज में इलाज चल रहा है। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।