गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छह अगस्त को पूर्वाह्न करीब ग्यारह बजे एक मानसिक रूप से कमजोर पैंतीस वर्षीय महिला से उसके रिश्ते के फूफा ने खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने घर पहुंचकर पति को जानकारी दी तो वह शिकायत करने के लिए थाने जाने लगा।
इस पर कुछ लोगों ने उसे समझौते के लिए समझाना शुरू कर दिया। लेकिन, उसने शाम को थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी। इसी बीच समझौते का दबाव बनाने वाले भी थाने पहुंच गए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें भगा दिया और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के जेल जाने के बाद गांव में पंचायतों का दौर चलने लगा। आरोपी के नाते-रिश्तेदार भी पीड़िता के पति पर समझौते के लिए भारी दबाव बनाने लगे।
डिप्रेशन में आए पीड़िता के पति ने सोमवार की शाम पांच बजे के करीब कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अलीगढ़ भेजा गया जहां उसने दम तोड़ दिया।
इस संबंध में सीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज ही दिया है, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, उसके न्यायालय में बयान भी कराए जाएंगे।