मोहम्मदपुर टांडा में रुका दीवार का निर्माण।
- फोटो : amar ujala
संभल। कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर टांडा में धर्मस्थल के लिए दीवार के निर्माण को लेकर विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही निर्माण करा रहे तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। दूूसरी ओर पुलिस राजस्व विभाग से पैमाइश कराएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को 11 बजे करीब गांव मोहम्मदपुर टांडा निवासी ईसम अली ने यूपी 100 पुलिस से अवैध कब्जा करने की शिकायत की। इस पर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। मौका मुआयना करने के बाद दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस चौकी ले गए। इसकी जानकारी अधिकारियों को दी गई। धर्मस्थल दीवार के लिए दीवार निर्माण की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सुदेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान पहुंचे। दोनों पक्षों की बात सुनी गई। इसके बाद हल्का लेखपाल प्रवीण कुमार को बुलाया गया। लेखपाल ने बताया कि जिस भूमि पर दीवार का निर्माण कराया गया है वह भूमि शिकायतकर्ता की नहीं है बल्कि ग्राम समाज की भूमि है। इस पर पुलिस ने फिर से पैमाइश कराने की बात कही है। साथ ही निर्माण कार्य कर रहे तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।