संभल हयातनगर के धुरैटा गांव में किशोरी की मौत पर विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव धुरैटा में खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गई एक किशोरी का शव पेड़ पर लटका मिला। घंटे भर बाद भी जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो उसकी बहन उसे देखने के लिए खेत पर पहुंची। वहां शव देखा तो चीखपुकार मच गई। लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। खेत पर चारे से भरी एक गठरी मिली और पॉलीथीन में शहतूत मिले हैं। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
क्षेत्र के गांव धुरैटा निवासी किशनबाबू मुरादाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते है। मंगलवार को वह नौकरी के लिए मुरादाबाद गए हुए थे जबकि पत्नी राजवती एटा जिले में सत्संग में शामिल होने के लिए गई हुई थी। बेटा विद्याराम इस्लामनगर के गांव अल्लपुर में अपनी बड़ी बहन के घर गया हुआ था। घर पर किशन बाबू की बेटी संतरेज, कामिनी और पारुल थी। सुबह के समय पारुल गांव के निकट ही अपने खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। घंटे भर बाद भी वो घर नहीं पहुंची तो उसकी बहन कामनी उसे बुलाने के लिए खेत पर पहुंची।
वहां पड़ोस के ही हाजी मशरूफ के खेत में खड़े शहतूत के पेड़ पर उसका शव लटकते देखा। शव देखकर बहन की चीखपुकार मच गई। पड़ोस के खेतों पर काम कर रहे लोगों भी वहां पहुंचे। लोगों की मदद से शव को पेड़ से उतारा गया। खेत पर चारा की गठरी और एक पालीथीन में शहतूत रखे मिले। सूचना के बाद थाना प्रभारी अनिल यादव पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल की और लोगों से पूछताछ की। किशोरी की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता को सूचना दी गई। थाना प्रभारी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या हुई या किशोरी ने खुदकुशी की इसकी वजह पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।