दबंगों ने सरेराह युवती को खींच लिया और दुष्कर्म के लिए खेत में ले गए। युवती को बचाने के लिए आगे आए इंडिया फ्रोजन फूड्स के गार्ड और इसी कंपनी दो कर्मचारियों पर चाकू से हमला किया गया। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की गई। इसके बाद दबंग भाग गए। घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव चिमियावली में दिन में 11.30 बजे के करीब हुई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी है लेकिन कोई हाथ नहीं आया। घटना की रिपोर्ट कोतवाली मेें दर्ज की गई है।
चिमियावली में इंडिया फूड फ्रोजन के नाम से मीट फैक्ट्री है। सरायतरीन के भूड़ा मोहल्ला निवासी हाजी रिजवान कुरैशी फैक्ट्री के मालिक हैं। इस फैक्ट्री में मीट की पैकेजिंग होती है और इसका निर्यात किया जाता है। फैक्ट्री की एक महिला कर्मचारी गुरुवार को फैक्ट्री से दवा लेने के लिए निकली थी। फैक्ट्री से कुछ ही दूरी पर पहले से खड़े हथियारबंद दबंगों ने युवती को घेर लिया।
दबंगों ने युवती को उठा लिया और खेत में ले गए। खींचतान हुई जिसमें युवती के कपड़े फट गए। युवती ने शोर मचाया तो फैक्ट्री के गार्ड और कर्मचारी दौड़ पड़े। दबंगों ने उन फायर किए लेकिन वे पीछे नहीं हटे। युवती को बचाने के लिए साहस दिखाया तो दबंगों ने चाकू से वार किए। फिर भी फैक्ट्री कर्मचारियों ने हिम्मत नहीं हारी। दबंगों के हमले में उनके हाथों में चाकू लगे हैं। इस घटना में सरायतरीन के होज कटोरा निवासी मोहम्मद नूर, नखासा के हातिमसराय निवासी गुलजार और जम्मू कश्मीर के पूंछ निवासी मोहम्मद फारूख घायल हुए हैं।
फैक्ट्री के मैनेजर चमनसराय निवासी गुफरान ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दबंगों को तलाशा लेकिन कोई हाथ नहीं आया। कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। घायलों को सरकारी अस्पताल लाया गया है। पीड़ित युवती का भी चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। फैक्ट्री स्वामी का कहना है कि दबंगों को रंगदारी न देने की वजह से घटना को अंजाम दिया गया है।