स्कूल से छुट्टी के बाद घर जाने के लिए निकला छात्र लापता हो गया। देर शाम छात्र घायल अवस्था में सड़क किनारे मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की।
थानाक्षेत्र के गांव बेरीखेड़ा निवासी 12 वर्षीय छात्र संदीप पुत्र प्रेमशंकर पाठकपुर के एक निजी स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। आसपास तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
परिजनों के मुताबिक देर शाम जानकारी मिली कि संदीप पाठकपुर से छपर्रा जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर जाकर देखा तो संदीप के चेहरे व शरीर पर चोटें थीं। उसकी साइकिल व स्कूल बैग भी पास ही पड़ा था। वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं था।
आनन-फानन में उसे बहजोई के अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष अजय चौहान ने बताया कि घटना की मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की गई। अब छात्र से बातचीत के बाद ही मामले के आगे की कड़ी सामने आ पाएगी। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।