बहजोई। करीब एक वर्ष पहले अनूपशहर गवां रोड के किनारे मिले दो शवों के मामले में थाना रजपुरा में दर्ज किए गए मुकदमे को लेकर पुलिस ने तीन अंतर्राज्यीय शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अवैध शस्त्र व कारतूस समेत एक अल्टो कार भी बरामद की गई है। एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर डबल मर्डर का खुलासा किया।
सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि बीते वर्ष 30 मार्च 2018 को अनूपशहर से गवां रोड के किनारे दो लोगों के शव मिले थे। मृतकों की शिनाख्त योगेंद्र तिवारी व नागेंद्र तिवारी पुत्रगण रामेश्वर तिवारी निवासी सुल्तानगंज जिला सारंग, बिहार के रूप में हुई थी।
पूरे मामले में थाना रजपुरा में हत्या कर साक्ष्य छुपाने समेत लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी ने बताया कि 24 मार्च 2019 को प्रभारी निरीक्षक रजपुरा ने मुखबिर की सूचना पर पुलिस चौकी टी-प्वाइंट से तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में तीनों लोगों ने अपने नाम योगेंद्र निवासी गांव अंबा थाना अनूपशहर जिला बुलंदशहर, तकदीर निवासी सराय औरंगाबाद थाना बहादुरगढ़ जिला झज्जर हरियाणा व जुगेंद्र निवासी गिझौरी थाना कोतवाली देहात जिला बुलंदशहर बताए।
एसपी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो तमंचे 315 बोर, 4 जिंदा कारतूस, एक छुरा व एक अल्टो कार बरामद की गई है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि एक वर्ष पहले उन्होंने अन्य साथियों के साथ दादरी नोएडा से एक ट्रक, जिसमें 45 लाख रुपये का शिखर पान मसाला भरा था को अल्टो कार से ओवर टेक करके रुकवाकर ट्रक, ट्रक के ड्राईवर और हेल्पर को अपने कब्जे में ले लिया था।
ड्राइवर व हेल्पर के हाथ-पैर व मुंह बांधकर गाड़ी में पीछे डाल दिया था। इसके बाद गाड़ी को उत्तर प्रदेश में घुमाते रहे। उत्तर प्रदेश में लूटा हुआ माल नहीं बिका तो 3 दिन के बाद ड्राईवर व हेल्पर को अनूपशहर गवां रोड पर गवां की तरफ गला घोंटकर मृत अवस्था में रोड के किनारे फेंककर चले गए थे। इसके बाद ट्रक को दिल्ली ले जाकर माल उतरवा दिया था। खाली ट्रक को सोनीपत के पास जंगल में छोड़ गए थे।
एसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना रजपुरा में हत्या कर साक्ष्य छुपाने और लूट करने का मामला दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह धामा समेत टीम प्रभारी रणवीर सिंह और सर्विलांस प्रभारी रविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।