बबराला/संभल। अलीगढ़ - बरेली रेलवे ट्रैक के किनारे शुक्रवार को युवक का शव पड़ा मिला। वह ट्रक पर बतौर हेल्पर काम करता था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिनाख्त के बाद परिजनों ने तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कस्बा बबराला के स्टेशन मास्टर ने गुन्नौर पुलिस को सूचना दी कि पंवारी और कैल गांव के निकट रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को देखा और निकट के ग्रामीणों को उसकी शिनाख्त के लिए बुलाया। करीब 11 बजे शव की शिनाख्त कस्बा बबराला के मोहल्ला राजघाट रोड निवासी चंद्रकेश (20 वर्ष) पुत्र सोरन सिंह के रूप में हुई जिसकी सूचना परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे चंद्रकेश के पिता ने बताया कि उनका बेटा एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रक पर हेल्पर की नौकरी करता था। पिता ने बताया गया कि चंद्रकेश का गुरुवार को रात बबराला में एक युवक से विवाद हुआ था, जिसमें दोनों ओर से मारपीट भी हुई थी। उन्होंने घटना को विवाद से जोड़ा है। उनका कहना है कि शव को देखा तो हत्या का अंदेशा पैदा हो गया। क्योंकि चंद्रकेश के हाथों के नाखून नहीं थे। ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे उनके बेटे को शारीरिक यातनाएं देकर मारा गया हो। हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसा मानकर जांच कर रही है।
--------------------------------
कैल गांव के निकट रेलवे ट्रैक किनारे एक शव मिला है जिसकी शिनाख्त बबराला निवासी चंद्रकेश के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया हादसे में मौत से होना प्रतीत हो रहा है। फिर भी परिजनों के आरोप को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी। -पंकज कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक।