संभल/असमोली। मिल से चीनी भरने आया ट्रक ढाबे से टकरा गया। इसमें एक मासूम घायल हो गई, जबकि कई लोगों ने भाग कर जान बचाई। मौके पर जमा हुई भीड़ ने चालक की जमकर धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। इस हादसे में ढाबा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई है।
रविवार को दोपहर एक बजे करीब असमोली स्थित मिल के नजदीक बने ढाबे से अनियंत्रित ट्रक टकरा गया। इसमें असमोली निवासी संजीव कुमार की आठ वर्षीय बेटी सोनाक्षी घायल हो गई। जबकि ढाबे पर बैठे अन्य लोगों ने भागकर जान बचाई। जिस ढाबे से टकराया है वह भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा देख मौके पर जमा हुई भीड़ ने आरोपी चालक को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को किसी तरह बचाया और थाने ले गई। ढाबा मालिक जगराम सिंह ने बताया कि वह ढाबे पर बैठे हुए थे। अचानक एक ट्रक ढाबे से टकरा गया। गनीमत यह रही कि ट्रक पेड़ से टकराने के बाद ढाबे से टकराया। यदि सीधा ढाबे से टकराता तो कई लोगों की जान चली जाती। वहीं पकड़े गए आरोपी चालक ने बताया कि वह ट्रक पर परिचालक है।
वह पाकबड़ा से मिल पर चीनी लेने आए है। चालक अंदर गेटपास के लिए गए थे। तो ट्रक थोड़ा सा आगे बढ़ा रहा था। किसी ने एटीएम से टकराने की आवाज लगाई तो हड़बड़ाहट में ब्रेक के बजाए रेस दब गई जिससे ट्रक पेड़ और ढाबे से टकरा गया। हादसे में घायल हुई मासूम बच्ची को गांव के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ढाबा मालिक ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।