फेरी लगाने वाले ने मासूम को अगवाकर की दुष्कर्म की कोशिश
हयातनगर थाना क्षेत्र का मामला, लोगों ने युवक को पकड़कर की धुनाई, पुलिस को सौंपा
उठाकर खेत की तरफ ले जा रहा था युवक, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को फेरी लगाकर मसाले बेचने वाले युवक ने घर के बाहर खड़ी मासूम को उठा लिया। उसके साथ दुष्कर्म करने की नीयत से मासूम को पास के खेत में ले जाने लगा। लोगों की इस बीच एक युवक पर नजर पड़ गई। उन्होंने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने आरोपी युवक को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नखासा थाना क्षेत्र के रुकनुद्दीन सराय निवासी एक युवक गांव-गांव फेरी लगाकर मसाले बेचता है। वह मंगलवार को हयातनगर थाना क्षेत्र के हैवतपुर गांव में मसाले बेचने गया था। मसाले बेचते वक्त गांव में दरवाजे के बाहर खड़ी मासूम पर युवक की निगह पड़ गई। युवक ने मासूम को उठा लिया। उसे जंगल की ओर ले जाने लगा। मासूम को जंगल की ओर ले जाते देख ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।