संभल। कुढ़फतेहगढ थाना क्षेत्र के एक गांव में छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों की मौत हो गई। परिजनों ने आनन फानन में पुलिस को बिना बताए छात्र का अंतिम सरकार कर दिया ।
थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा सात के छात्र की गुरुवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान छात्र अचानक छत से गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दबी जुबान में ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार को छात्र स्योंडारा की बाजार गया हुआ था। उसने पिता द्वारा दिए गए पैसों की शराब पी ली और घर आ गया। पिता ने शराब पीने पर छात्र की डांट फटकार लगाई, जिससे क्षुब्ध होकर उसने अपने को कमरे में बंद कर लिया और गले में फंदा डालकर झूल गया। उसकी मौत की जानकारी उस समय हुई जब परिजन घर पहुंचे और उसे मृत पाया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। थोड़े ही देर में उसके घर पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजनों ने बिना पुलिस को बताए आनन फानन में छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया।