चंदौसी। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक ने अपना परिचित बताते हुए दो महिलाओं से सोने-चांदी के जेवर और आठ हजार रुपये ठग लिए। महिलाओं ने पुलिस से मामले की शिकायत नहीं की है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव निवासी कुंवरपाल की पत्नी राम सनेई व राम रईस की पत्नी कमला देवी व गांव का ही विजय पाल पुत्र अंगन लाल दवाई लेने के लिए ट्रेन से चंदौसी आया था। बताते हैं कि जैसे ही तीनों रेलवे स्टेशन से बाहर निकले तो एक युवक ने राम रईस का नाम लेकर आवाज लगाई। महिलाएं रुकीं तो युवक ने कहा कि पड़ोस की मड़ैया का निवासी है, वह राम रईस को अच्छी तरह जानता है।
यहां किसी तरह की कोई परेशानी तो उसका कमरा यहीं पर है। चलो कमरा दिखा दें लेकिन महिलाओं ने देर होने की बात कहकर मना दिया लेकिन विजयपाल युवक की बाइक पर बैठ गया। बताते हैं कि विजयपाल कमरा देखकर आने की बात कहकर चला गया।
युवक विजयपाल को दूर ले जाकर बहाने से बाइक से उतार कर खुद महिलाओं के पास आ गया। महिलाओं से कहा कि रास्ते में विजयपाल की तबियत खराब हो गई, उसे डाक्टर के पास छोड़ आया हूं।
इस पर कमला देवी उसके साथ बैठकर विजयपाल को देखने चली गई लेकिन बाइक सवार कमला को रेलवे कालोनी में ही ले गया। पीछे से राम सनेई भी पहुंच गई। वहां एक मकान की ओर इशारा करते हुए कहा कि अंदर एक मैडम हैं, जो गरीबों को बीस-बीस हजार रुपये दे रही है, वह दोनों भी उन्हें नमस्ते कर लें तो उन्हें भी बीस-बीस हजार रुपये मिल जाएंगे।
महिलाएं लालच में आ गईं, जब दोनों महिलाएं जाने लगी तो युवक बोला कि अंदर चेकिंग होती है, जो भी सोना-चांदी व नगदी हो तो यहां पर जमा कर दो। महिलाओं ने अपने सोने चांदी के जेवर व आठ हजार रुपये युवक को दे दिए। महिलाएं आगे बढ़ी तो युवक बाइक पर सवार होकर जेवर व रुपये लेकर भाग निकला। बाद मे विजयपाल भी पहुंच गया। महिलाएं रोतीं हुई अपने घर लौट गईं।