संभल। ग्राम समाज की जमीन को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीड़ित पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। गांव में किसी तरह का तनाव या टकराव के हालात पैदा न हों इसके लिए पुलिस तैनात की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया है। परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है।
शनिवार की रात 11 बजे करीब रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव बरोरा में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट की गई। जिसमें हरि सिंह 25 पुत्र कुंवरपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पीड़ित पिता ने बताया कि शनिवार की रात को उनके बेटे हरि सिंह से किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान गांव के अतर सिंह, मोमराज, भूरे और बहजोई थाना क्षेत्र के गांव किसौली निवासी ध्यान सिंह आ गए। उन्होंने आते ही कहा कि गाली गलौज उन्हें की जा रही है। इसी बात को कहते हुए मारपीट करने लगे और घर से निकाल कर ले गए।
घर से कुछ दूर एक खेत में लेकर जाकर भाला और लाठी डंडों से पीटा। शोर शराबा होने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। काफी बचाने का प्रयास किया लेकिन वह पीटते रहे। आरोपी पीटते हुए कहते रहे कि पहले भी कई मुकदमों में फंसाया है इसलिए जान से मार देंगे। कुछ देर के बाद आरोपी मौके से चले गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया जहां उपचार दिया गया।
सुबह 5 बजे करीब उनके बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जिनकी गिरफ्तारी भी कर ली गई है। पीड़ित पिता ने बताया कि गांव के बाहरी छोर पर कुछ भूमि ग्राम समाज की है। जिस पर कचरे का ढेर लगा रहता था। कुछ दिन पहले आरोपी भूरे ने उस भूमि के बराबर की भूमि खरीद ली। अब आरोपी ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर चुका है। हरि सिंह ने विरोध किया था इसलिए रंजिश मानने लगे। इसीलिए पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
परिजन हुए बेहाल
संभल। मृतक हरि सिंह की पत्नी सुनीता बेसुध हालत में हैं। बड़े भाई नवाब सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। पीड़ित पिता ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। जिसमें हरि सिंह छोटा था। गांव में ही रहकर खेती किसानी का काम करता था। जबकि बड़ा बेटा नवाब सिंह दिल्ली में मेहनत मजदूरी करता है। मृतक अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गया। जिसमें बड़ी बेटी दो वर्ष और छोटी बेटी एक महीने की हुई है। ग्रामीण मासूम बच्चों को देखकर गमजदा हो रहे हैं। सारा दिन ग्रामीणों का पीड़ित परिवार के घर आना जाना लगा रहा। सभी इस हत्याकांड की निंदा कर रहे हैं।
पहले विवाद में पुलिस ने नहीं दिखाई थी सख्ती
संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव बरोरा में हरि सिंह 25 पुत्र कुंवर पाल की हत्या ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करने को लेकर हुई है। यदि पहले हुए विवाद में पुलिस ने सख्ती बरती होती तो शायद युवक की हत्या न होती। दरअसल आरोपी पक्ष के भूरे ने गांव के नजदीक ही कुछ समय पहले खेती किसानी के लिए कुछ जमीन खरीदी थी। जबकि खरीदी जमीन के सामने आधा बीघा जमीन ग्राम समाज की थी। जिसमें हरि सिंह के घर का कूड़ा पड़ता था और उपले का ढेर लगाया हुआ था। आरोपी भूरे ने जमीन खरीदने के बाद ही ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करना चाहा।
इसका विरोध किया तो हरि सिंह से विवाद हुआ। मामला पुलिस तक पहुंचा लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। विवाद के बाद से हरि सिंह का उपले का ढेर तो ग्राम समाज की भूमि पर लगा रहा लेकिन कूड़ा डलना बंद हो गया। तब से आपसी रंजिश शुरू हो गई। शनिवार की रात में हरि सिंह और उनके पिता में किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। किसी ने आरोपी पक्ष को सूचना दी कि हरि सिंह उनको गाली गलौज कर रहा है।
इतनी सूचना के बाद आरोपी पक्ष हरि सिंह के घर आ गए और पिटाई शुरू कर दी। पुरानी रंजिश का गुस्सा इस कदर था कि हरि सिंह को बहुत पीटा गया जिसमें मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम समाज की भूमि के लिए यह विवाद शुरू हुआ। यदि पुलिस ने ठोस कार्रवाई करते हुए जमीन कब्जा मुक्त कराई होती तो शायद हरि सिंह की हत्या न होती। यह विवाद ठोस कार्रवाई के साथ ही खत्म हो जाता।
--------------------------------------
घटना स्थल का मुआयना किया है। युवक की पिटाई की गई थी, जिसमें उपचार के दौरान मौत हो गई। चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई है। -पंकज कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक, संभल।