बहजोई। रुपये छीनने के आरोप में युवक की जमकर धुनाई लगाई। इसके बाद आरोपी को रस्सी से बांधकर मारपीट करते हुए थाने लेकर आए और आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने मारपीट की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी। शाम तक व्हाट्स एप्प पर वीडियो खूब वायरल हुई।
मंगलवार की दोपहर करीब पौने तीन बजे इंटरमीडिएट कालेज के निकट कुछ लोगों ने रुपये छीनने का आरोप लगाते हुए एक युवक को पीटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोग आते रहे और युवक को पीटते रहे।
वहीं तमाम लोग तमाशबीन बने रहे। इसके बाद लोग आरोपी युवक को रस्सी से बांधकर पीटते हुए इंटर कालेज के निकट घटनास्थल से पूरे बाजार घुमाते हुए थाने लाए और पुलिस के हवाले कर दिया। इस बीच कुछ लोगों ने युवक के साथ रस्सी से बांधकर मारपीट की घटना की मोबाइल से वीडियो बना ली और सोशल मीडिया पर वीडियो को वायरल कर दिया।
देर शाम तक व्हाट्स एप्प पर वीडियो जमकर वायरल हुई। पुलिस के मुताबिक पूरे मामले में आरोपी युवक के खिलाफ निर्दोष पुत्र रामकिशोर की ओर से थाने में दी गई तहरीर में बताया गया कि वह गेहूं बेचकर आ रहा था।
तभी युवक ने मौका पाकर उससे दस हजार रुपये छीन लिए और भागने लगा। कोतवाल सतेंद्र भड़ाना ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है।
आरोपी युवक मना करता रहा, लेकिन पीटते रहे लोग
बहजोई। रस्सी से बंधा रुपये छीनने का आरोपी युवक लोगों से न पीटने की बात कहता रहा, लेकिन लोग आते रहे और आरोपी को पीटते रहे। करीब आधा घंटे तक लोगों ने आरोपी युवक के साथ मारपीट की।
इसके बाद रस्सी से बांधकर खींचते हुए पूरे बाजार में घुमाते हुए थाने ले गए। पूरी घटना के समय या तो लोग तमाशबीन बने रहे या फिर मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। किसी ने भी पुलिस को मामले की सूचना देने की जहमत नहीं समझी।