धनारी। थाना क्षेत्र के आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे के गांव भकरौली में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने अपने घर के बाहर खेल रहे मासूम भाई-बहन को कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद बस लेकर भाग रहे चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मासूमों के शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। भाई-बहन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव ढाढौल निवासी नसीम की धनारी थाना क्षेत्र के गांव भकरौली में ससुराल है। रविवार को नसीम की पत्नी शहनाज बच्चों को लेकर मायके आई थी। सोमवार की दोपहर बारह बजे के करीब नसीम का छह वर्षीय बेटा उवैश और चार वर्षीय बेटी अलशफा अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर बबराला की ओर से आ रही नोएडा डिपो की तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर दोनों मासूम उवैश व अलशफा सगे भाई-बहन को कुचल दिया।
दोनों सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। मासूमों को कुचलने के बाद चालक बस को लेकर भाग गया। घटना पर मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस ने भाग रही बस और चालक को पकड़ लिया। साथ ही बस को कब्जे में ले लिया।
परिजन आनन-फानन में मासूमों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने दोनों के शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग र्गइं। मौके पर पहुंचे कोतवाल रविंद्र प्रताप सिंह ने गुस्साए लोगों को आरोपी बस चालक के खिलाफ कार्रवाई व मृतक मासूमों के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों क ो समझाने के बाद पुलिस करीब आधे घंटे के बाद जाम खुलवा सकी।