चंदौसी। शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार की मध्यरात्रि को संभल-चंदौसी मार्ग स्थित रेलवे फाटक के पास स्कार्पियो सवार लोगों ने संभल के मेंथा व्यापारी को लूट के इरादे से अगवा करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस के सायरन की आवाज सुनकर अपहरण करने वाले भाग खड़े हुए। पुलिस मौके से मेंथा व्यापारी को स्कार्पियो से बरामद कर कोतवाली ले आई। मेंथा व्यापारी ने संभल के पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
संभल के थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा निवासी इब्ने सऊद पुत्र मुनव्वर हुसैन रविवार की मध्यरात्रि 12.40 बजे यहां शादी में शामिल होकर कार से वापस घर जा रहा था। इब्ने सऊद का आरोप है कि जब वह चंदौसी संभल मार्ग स्थित रेलवे फाटक के पास पहुंचा तो वहां पहले से ही मौजूद कासिम निवासी महमूद खां सराय संभल, अताउर्रहमान निवासी हिंदूपुरा खेड़ा थाना नखासा, अफसान निवासी संभल, बिलाल निवासी महमूद खां सराय, उस्मान निवासी बड़ा कुंआ दीपा सराय संभल ने यह जानते हुए कि गाड़ी में कैश हो सकता है।
इब्ने की कार को ओवरटेक कर उसके आगे अपनी स्कार्पियो लगाकर रास्ता रोक दिया। सभी इब्ने को कार से उतारकर मारने पीटने, गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए स्कार्पियो में डालकर संभल रोड की ओर ले जाने लगे। इस दौरान इब्ने ने काफी शोर मचाया। इसी दौरान कुछ ही दूर जाकर स्कार्पियो गाड़ी बंद हो गई। चालक ने काफी प्रयास किया लेकिन वह स्टार्ट नहीं हुई। इसी दौरान कहीं दूर से पुलिस की गाड़ी का सायरन बजने की आवाज आई।
जिससे घबराकर सभी लोग इब्ने को स्कार्पियो में छोड़कर भाग गए। उनके चले जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इब्ने ने सारी बात पुलिस को बताई। पुलिस इब्ने को व स्कार्पियो को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। इब्ने ने पांचों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक ऋषिराम कठेरिया ने बताया कि मेंथा व्यापारी की तहरीर पर अपहरण की कोशिश के मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जाएगी।