संभल। सोमवार को बेकाबू ट्रक और दूध का टैंकर एक महिला और किशोर की मौत का कारण बन गया। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव मलिकपुर में जहां बैंक से लौट रही महिला को ट्रक ने चपेटे में ले लिया वहीं संभल-हसनपुर मार्ग पर मेडिकल से दवाई लेने जाते समय दूध के टैंकर ने साइकिल सवार किशोर को टक्कर मार दी। दोनों घटनाओं में घायल महिला और किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
पहली घटना रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव मलिकपुर के पास घटी। सोमवार दोपहर एक बजे गांव मलिकपुर निवासी अनीता (24) पत्नी सुखवीर को बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार अनीता गवां स्थित बैंक से रुपये निकालने गई थी। गांव लौट रही थी। जैसे ही मुख्य मार्ग पार किया तो बबराला की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी चालक मौके से वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया। महिला की शादी दो वर्ष पहले हुई थी। उसे एक वर्ष का बच्चा भी है। थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
उधर, नखासा थाना क्षेत्र के संभल-हसनपुर मार्ग स्थित गुंबद के नजदीक दूध के टैंकर ने सोमवार दोपहर दो बजे करीब गुंबद निवासी यामीन के 12 वर्षीय बेटे दाऊद को टक्कर मार दी। इससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब किशोर अपने तहेरे भाई सलमान के साथ साइकिल से हिंदूपुराखेड़ा इलाके के एक मेडिकल स्टोर से दवाई लेने जा रहा था। जैसे ही गुंबद के पास पहुंचा, सामने से आ रहे दूध के टैंकर ने उसे चपेट में ले लिया। उसे रौंदता हुआ गुजर गया। वहीं सलमान साइकिल से दूर जा गिरा। इससे वह मामूली रूप से घायल हुआ। हादसा देख मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीड़ित परिजनों को सूचना दी। पीड़ित पिता ने बताया कि उनका बेटा मेडिकल से दवाई लेने के लिए जा रहा था। किशोर अपने पांच बहन व दो भाईयों में सबसे बड़ा था। वहीं, आरोपी चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। नखासा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।