किन्नरों ने एक युवक को अपनी जमात में शामिल करने के लिए अपने जैसा बना डाला। उसे शराब पिलाकर बेहोश किया और उसके बाद नाजुक अंग काट दिए। बेहोशी की हालत में युवक को उसके ही गांव में छोड़कर भाग गए। यह घटना संभल जिले के सौंधन मोहम्मदपुर गांव की है। परिजनों ने चार किन्नरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसमें से पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया है।
सौंधन मोहम्मदपुर निवासी मुनव्वर का बीस वर्षीय बेटा नजर उर्फ भूरा डांसर है। चार वर्ष में डांस के कई कार्यक्रम हुए। इस दौरान उसका संपर्क क्षेत्र के किन्नरों से भी हुआ। किन्नर उसे अपनी जमात में शामिल करना चाहते थे। वह इसके लिए दबाव बना रहे थे लेकिन जब उसने मना कर दिया। इसी बीच रविवार को दिन में 1.30 बजे के करीब संभल के चौधरीसराय में किन्नरों ने युवक को अपने झांसे में ले लिया।
उसे एक मारुति वैन में बैठाया और सरायतरीन ले गए। सरायतरीन में एक किन्नर के घर पर उसे रखा गया। शराबपिलाई गई। शराब में ही किसी तरह का नशा पिला दिया गया। बेहोश होने पर उसके नाजुक अंग काट दिए गए और पूरी सर्जरी कर दी गई। इसके बाद सोमवार को सुबह सात बजे के करीब उसे गांव में फेंककर भाग गए। उस वक्त नजर पूरी तरह से होश में नहीं था। गांव में खेत पर जब लोगों ने उसे पड़े हुए देखा तो भीड़ लगने लगी।
परिजन भी मौके पर पहुंचे। उसे लेकर संभल के जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में युवक को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद के लिए रेफर किया गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. कप्तान सिंह ने बताया कि युवक के नाजुक अंग (कास्ट्रेशन) पूरी तरह से साफ कर दिए गए हैं। अब उसमें मर्दानगी के कोई अंग नहीं हैं। जिस तरह से उसके अंग काटे गए हैं उसे देखकर लगता है कि सर्जरी के बाद उसे पहले जैसी हालत में लाना मुश्किल है। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को मुरादाबाद के लिए रेफर किया गया है।
युवक के नाजुक अंग काटने की घटना में कोई न कोई चिकित्सक शामिल है। हो सकता है कि वह क्वालीफाइड न होकर झोलाछाप हो। इस मामले में अभी कुंदरकी के एक व्यक्ति नाम सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश हो रही है।