संभल में अंतिम संस्कार के दौरान जुटे लोग
- फोटो : संवाद
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव नारंगपुर में सोमवार की सुबह सात बजे हादसे का शिकार हुए गांव नारंगपुर निवासी किसान भूरे (42) पुत्र भोले, उनके सगे भाई हरकेश (40) और रिश्ते के भाई कालीचरण (48) के शवों का अंतिम संस्कार परिजन व ग्रामीणों ने नम आंखों के साथ किया। गांव में गमगीन माहौल है और चूल्हे भी नहीं जलाए गए।
वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी अभी पकड़ा नहीं जा सका है। पुलिस का दावा है कि छानबीन की जा रही है। जल्द आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। मालूम हो रविवार की शाम छह बजे करीब संभल-गवां मार्ग पर गांव रझेड़ा के नजदीक किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी।
जिसमें दो सगे भाई समेत तीन की मौत हो गई थी। रविवार की रात शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। सोमवार की सुबह शव गांव पहुंचे तो परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। गांव के श्मशान घाट पर तीनों शव पहुंचे तो सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। हर आंख नम दिखाई दी। गांव नारंगपुर में तीन लोगों की मौत के बाद सोमवार की सुबह से ही कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पहुंचे।
असमोली विधानसभा क्षेत्र की विधायक पिंकी यादव ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी। इसके बाद भाजपा नेता परमेश्वर लाल सैनी, भारत सिंह यादव, सपा के जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, पवांसा ब्लॉक प्रमुख के पति ह्देश यादव, विरलेश यादव समेत कई राजनीतिक लोग पहुंचे।
कैलादेवी थाना पुलिस ने मृतक भूरे, हरकेश के भाई ओमपाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें बताया है कि उनके भाई भूरे और हरकेश गवां की ओर से लौट रहे थे। गांव रझेड़ा के नजदीक सड़क किनारे रिश्ते के भाई कालीचरण से बात करने लगे।
इसी दौरान किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें तीनों की मौत हो गई। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हादसा करने वाले आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।