चंदौसी। गर्मियों की छुट्टियों के बाद बृहस्पतिवार से परिषदीय स्कूलों में बच्चों की चहल-पहल लौट आई। बच्चों के पहुंचने से स्कूल परिसर फिर गुलजार नजर आए। पहले दिन शिक्षकों ने बच्चों का स्वागत किया और पढ़ाई के साथ विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन कराया। वहीं, स्कूलों में ज्यादा से ज्यादा बच्चों के नामांकन कराने के लिए शिक्षक तैयारियों में जुट गए।
जिले के 1289 परिषदीय विद्यालयों में बृहस्पतिवार से शैक्षिक गतिविधियां फिर शुरू हो गईं। पहले दिन प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति से परिसर गुलजार नजर आए। स्कूल पहुंचने वाले बच्चों का शिक्षकों ने स्वागत किया और कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य शुरू कराया। कई विद्यालयों में बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिए खेल सहित अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गईं। शिक्षकों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया और नए सत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित किया।
वहीं, विभाग ने विद्यालय खुलने के साथ ही नामांकन बढ़ाने पर भी जोर दिया है। शिक्षकों को ऐसे बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन कराने के निर्देश दिए गए हैं, जो अभी तक विद्यालय से नहीं जुड़े हैं। इसके लिए आगामी दिनों में गांवों और मोहल्लों में संपर्क अभियान चलाया जाएगा। अभिभावकों को बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक भी किया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी मुंशी लाल पटेल ने बताया कि सभी विद्यालयों में शैक्षिक गतिविधियां सुचारु रूप से शुरू हो गई हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और नए नामांकन कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।