संभल। संभल जिले के रजपुरा क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव युवक मिला है। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को हुई तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कोरोना पॉजिटिव के परिवार को क्वारंटीन किया गया। साथ ही उस इलाके को सील कर दिया है। कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के संपर्क में रहे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। जिनकी जांच कराई जाएगी। दरअसल रजपुरा निवासी आढ़ती युवक अपनी मां का ऑपरेशन कराने के लिए 17 फरवरी को दिल्ली के एक निजी अस्पताल गया था। जहां 29 फरवरी को ऑपरेशन कराया गया।
इसके बाद 17 मार्च को युवक अपनी मां को लेकर दिल्ली के एक दूसरे अस्पताल पहुंचा। जहां 20 मार्च तक रहा। उसके बाद युवक अपनी मां को लेकर उसी दिन रजपुरा अपने घर लौट आया था। 7 अप्रैल को युवक की मां के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्या हुई तो मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां 11 अप्रैल तक उपचार चला। 17 अप्रैल को युवक की दिल्ली व मुरादाबाद जाने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को हुई तो गुन्नौर अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया। स्वास्थ्य परीक्षण में कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं मिला।
इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती तौर पर 20 अप्रैल को जांच के लिए नमूना लिया और लैब भेज दिया। गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो गई। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक के परिवार के 13 सदस्यों को क्वारंटीन केंद्र भर्ती किया है। जिनकी जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं। इसके अलावा भी अन्य लोग चिह्नित किए जा रहे हैं। जिनकी जांच होनी है।
फिलहाल क्षेत्र को सील कर दिया गया है। युवक आढ़ती है जो गांव निवासी एक दूसरे व्यक्ति के साथ आढ़त चलाता है। कोरोना पॉजिटिव युवक दिल्ली से लौटने के बाद लगातार अपने काम में जुटा हुआ था। ऐसे में कोरोना पॉजिटिव युवक के परिवार के साथ ही उसके साझीदार को भी खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम तमाम लोगों को चिह्नित कर रही है जो युवक के संपर्क में रहे हैं।