संभल। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पहले ही दिन पचास फीसदी शिक्षक गैरहाजिर रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार आर्य ने इसका संज्ञान लिया है और सभी शिक्षकों से कहा है कि वे हर हालत मे मंगलवार तक अपनी उपस्थिति मूल्यांकन केंद्रों पर दर्ज कराएं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने चार मूल्यांकन केंद्र संभल जिले में बनाए हैं। इन मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। चारों केंद्रों पर करीब 800 शिक्षकों को ड्यूटी पर लगाया गया लेकिन पहले दिन पचास फीसद शिक्षक भी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। शिक्षकों की गैरहाजिरी का डीआईओएस ने संज्ञान लिया।
उन्होंने कहा है कि मंगलवार तक अपने मूल्यांकन केंद्र पर शिक्षक अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई होगी। इस बीच जिला विद्यालय निरीक्षक ने सोमवार को बहजोई स्थित हीरा देवी तोताराम इंटर कॉलेज और इंटरमीडिएट कॉलेज बहजोई स्थित मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोरोना से निपटने के लिए जारी निर्देशों के पालन की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक ने बताया कि उसे खांसी आ रही है और तबीयत ठीक नहीं है। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने उसे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए तत्काल भेजा। साथ ही शिक्षकों से कहा कि अपेक्षित दूरी बनाए रखें।