संभल। एएसपी कार्यालय में तैनात सिपाही दिवाकर को कार्यालय के नजदीक ही दो युवकों ने पीट दिया। आरोपी एएसपी कार्यालय के पास बंद फैक्टरी में शराब पी रहे थे। सिपाही ने टोका तो आरोपियों ने हमला कर दिया। इसमें सिपाही चोटिल हुआ है। आरोपियों में एक युवक जिम संचालक बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसपी डॉ. श्रीश्चंद्र का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे सिपाही ड्यूटी के बाद घर जा रहा था। कार्यालय के नजदीक बंद पड़ी फैक्टरी में दो युवक शराब पीते हुए नजर आए। इसी दौरान सिपाही ने टोका तो आरोपियों ने सिपाही के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। बताया कि शोर शराबा होने पर कार्यालय में तैनात स्टाफ मौके पर पहुंचा और आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना देकर सुपुर्द कर दिया है। जिला अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि सिपाही के चेहरे और कमर पर चोट है। आंख पर भी चोट लगी है। घायल सिपाही को एक्स-रे के लिए कहा गया है। संवाद